इलाज के नाम पर मतांतरण, 500 लोगों ने बदला फैसला

इलाज के नाम पर मतांतरण, 500 लोगों ने बदला फैसला

कोरबा: घंटाघर ओपन थिएटर में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह में ईसाई धर्म अपना चुके करीब 100 परिवारों के 500 मतांतरित सदस्यों की पुनः हिंदू धर्म में घर वापसी कराई गई। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज और अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित बड़ी संख्या में धर्मसेना के सदस्य उपस्थित रहे। हिंदू धर्म में लौटने वाले सदस्यों का पांव पखारकर स्वागत किया गया।

हिंदुत्व रक्षकों का हुआ सम्मान

आयोजन का मुख्य उद्देश्य मतांतरण कर चुके परिवारों को पुनः उनकी मूल धार्मिक परंपराओं से जोड़ना और हिंदुत्व व समाज की रक्षा के लिए कार्य करने वालों का सम्मान करना रहा। महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने कहा कि हिंदू समाज की रक्षा और धार्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना सौभाग्य की बात है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार में अधिकारियों के संरक्षण के कारण मतांतरण की संख्या बढ़ी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने मतांतरण रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। इसके लिए सरकार साधुवाद की पात्र है।

‘धर्म और परंपरा को लूटने वालों को देना होगा मुंहतोड़ जवाब’

उन्होंने कहा कि अपने सामान को ताले में बंद करके रखने के बाद भी लुटेरे उसे लूटने का प्रयास करते हैं। इसी तरह सनातन धर्म को सुरक्षित रखना होगा। यदि कोई धर्म और परंपरा को लूटने का प्रयास करे तो उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए समाज को तैयार रहना चाहिए।
स्वामी अनिलानंद महाराज ने मतांतरण कर हिंदू धर्म से अलग होने वालों की तुलना पेड़ से काटकर अलग की गई शाखा से करते हुए कहा कि जिस तरह पेड़ से कटने के बाद शाखा सूख जाती है और अंततः जलाने के काम आती है, उसी तरह प्रलोभन देकर हिंदू धर्म से अलग किए गए लोगों की स्थिति भी होती है। उन्होंने समाज से अपनी जड़ों और सनातन परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।

बीमारी ठीक होने का झांसा देकर कराया गया था मतांतरण

धर्मसेना के कोरबा जिला अध्यक्ष संकेत शर्मा ने बताया कि घर वापसी करने वाले परिवारों में सक्ती जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के आदिवासी और कोरबा के बरपाली, तुमान,पसान सहित वनांचल क्षेत्रों के आदिवासी व अन्य वर्ग के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मतांतरित परिवारों को अब एहसास हुआ है कि प्रलोभन देकर उन्हें अपने मूल धर्म से दूर किया गया था। अधिकांश लोगों को चंगाई सभा में शामिल कर बीमारी ठीक होने का झांसा देकर मतांतरित कराया गया था। ऐसे परिवारों ने अपनी धार्मिक परंपराओं में लौटने का निर्णय लिया है।

‘जब तक सभी की घर वापसी नहीं, अभियान जारी रहेगा’

वहीं प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मतांतरण के विरुद्ध और घर वापसी के लिए उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा। जब तक प्रत्येक परिवार को घर वापसी अभियान से नहीं जोड़ा जाता, तब तक वह इस दिशा में काम करते रहेंगे। समारोह में घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाने और समाज को धार्मिक व सांस्कृतिक रूप से संगठित करने पर जोर दिया गया।

छत्तीसगढ़