रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चाकूबाजी की घटना हुई है। डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में भाजपा महिला मोर्चा लाखेनगर मंडल अध्यक्ष के पति पर हुए चाकू हमला कर दिया गया। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। महिला भाजपा पार्षद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग आधी रात डीडी नगर थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, चंगोराभाठा बाजार में कुछ युवक कथित रूप से अवैध वसूली कर रहे थे। इसका वीडियो बनाए जाने पर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने भाजपा महिला मोर्चा लाखेनगर मंडल अध्यक्ष के पति तथा एक फल विक्रेता पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली चौक के फौव्वारा चौक में भी चला चाकू
इसी दिन दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरन बाजार स्थित फौव्वारा चौक में हुई। यहां पान ठेले पर हुए विवाद के बाद आरोपी इमरोज ने सत्यम सिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बचाव के दौरान चाकू सत्यम की बाईं जांघ में लगा, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आरोपी इमरोज और फिरोज मौके से फरार हो गए।
पुलिस की दबिश जारी
दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

