रायपुर में हाई अलर्ट, शहरभर में 800 जवान तैनात

रायपुर में हाई अलर्ट, शहरभर में 800 जवान तैनात

रायपुर। 15 अगस्त को लेकर रायपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। शहर के प्रमुख एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर 24 घंटे नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं।

पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई स्तर पर चेकिंग शुरू कर दी है। होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला और अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन जांच की जा रही है। वहीं, संवेदनशील और महत्वपूर्ण इलाकों में पुलिस की फुट पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।

प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग

प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान जारी है। पुलिस आदतन बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही है। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर पुलिस द्वारा जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ITMS और ड्रोन से भी नजर

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ITMS के जरिए वाहनों और यातायात गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग इलाकों में ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है।

800 से ज्यादा जवान संभाल रहे मोर्चा

स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। तीनों जोन में पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और निगरानी कर रही हैं।

संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखे तो पुलिस को सूचना दें

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

राजधानी रायपुर