सोशल मीडिया स्टंट में हुई जानलेवा घटना: निखिल गहरे पानी में समाया

सोशल मीडिया स्टंट में हुई जानलेवा घटना: निखिल गहरे पानी में समाया

कोरबा: कुसमुंडा में रील बनाने का शौक एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। अहिरन नदी में डूबे निखिल सिंह का करीब चार मिनट का वीडियो सामने आया है, जिसने पूरी घटना की हकीकत उजागर कर दी है। वीडियो में निखिल अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाते नजर आ रहा है। मोबाइल कैमरा चालू था और दोस्त रील बना रहे थे।

इसी दौरान निखिल नदी में छलांग लगा देता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखता है, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद निखिल पानी में खुद को संभालने की कोशिश करता नजर आता है। वह लगातार तैर रहा था, दोस्त रील बनाते रहे। जब तक साथियों को उसकी हालत का अंदाजा हुआ, वह गहरे पानी में समा चुका था।

घटना 12 मई को हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। लगातार 48 घंटे तक चली खोजबीन के बाद 13 मई की रात करीब 12 बजे घटना स्थल से कुछ दूरी पर निखिल का शव बरामद किया गया। उसके बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद घबराए दोस्त मौके से भाग निकले थे। बाद में पूछताछ के दौरान उनके मोबाइल फोन से निखिल के अंतिम समय का वीडियो मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा इंटरनेट मीडिया के लिए खतरनाक जगहों पर रील बनाने के बढ़ते चलन पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। लाइक और व्यूज की होड़ में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। थोड़ी सी लापरवाही और गलत आकलन ने एक युवक की जिंदगी छीन ली।

दो दिन तक चला सर्च अभियान

निखिल के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम को तलाश में लगाया गया था। नदी में गहराई अधिक होने से राहत कार्य में परेशानी आई। लगातार दो दिनों तक चले अभियान के बाद शव बरामद किया जा सका।

रील के जुनून में बढ़ रहे हादसे

नदी, पहाड़, रेलवे ट्रैक और ऊंची इमारतों पर रील बनाने के दौरान देशभर में लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन समय-समय पर सावधानी बरतने की अपील करते रहे हैं, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर अलग दिखने की होड़ में युवा जोखिम उठाने से पीछे नहीं हट रहे।

छत्तीसगढ़