दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई के जुनवानी स्थित टीआई सूर्यामॉल में चल रही क्लब रियॉन्ट टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी के संचालक श्रीमंत राम खांडे और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि कंपनी ने 24 लोगों से 21 लाख की ठगी की गई है।
इसके अलावा रायपुर और बिलासपुर में भी लोगों को निशाना बनाया गया है। आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों और संचालक ने उन्हें होली-डे पैकेज की कई आकर्षक स्कीम बताईं। इसके बाद लोगों ने 5 साल का टूर पैकेज लिया, जिसकी कीमत 1 लाख 35 हजार रुपए थी।
कंपनी ने हर साल 5 ट्रिप कराने का वादा किया था। आरोप है कि कंपनी संचालक और उसके साथियों ने लोगों को सस्ते और अच्छे टूर पैकेज का लालच दिया। पैसे जमा कराने के बाद कंपनी का ऑफिस बंद कर दिया गया।
अब फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है।
साथ ही कंपनी संचालक और उससे जुड़े लोगों की तलाश भी की जा रही है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
मॉल में शॉपिंग करने गई थी महिला
शिकायतकर्ता अंजु कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वे जुनवानी स्थित सूर्या रेसिडेंसी में रहती हैं। 26 जनवरी 2026 को वह अपने बेटे अमन कुमार के साथ टीआई सूर्यामॉल में शॉपिंग करने गई थीं।
इसी दौरान उन्हें CLUBRIONT टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के कर्मचारियों ने एक होली-डे वाउचर दिया। इसके बाद 31 जनवरी को उन्हें फोन कर बताया गया कि उनका गिफ्ट वाउचर निकला है और उन्हें कंपनी के ऑफिस बुलाया गया।
वहां कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें आकर्षक टूर पैकेज की जानकारी दी। अंजु कुमारी ने बताया कि उन्होंने पैकेज के लिए आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक खाते से यूपीआई के जरिए रकम जमा की थी।
लेकिन कुछ दिनों बाद जब वे पैकेज की जानकारी लेने ऑफिस पहुंचीं तो वहां ताला लगा मिला। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि कंपनी ऑफिस बंद कर फरार हो चुकी है।
भिलाई में 24 लोगों को बनाया शिकार
शिकायत में यह भी बताया गया है कि सिर्फ अंजु कुमारी ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोग भी कंपनी के झांसे में आ गए थे।
आरोप है कि कंपनी ने नरेंद्र गच्ची से 1.11 लाख, अतनु गांगुली से 92 हजार, अनिल रजक से 60 हजार, अविनाश से 85 हजार, अक्षय कुकडकर से 55 हजार, श्याम सिंह यादववंशी से 50 हजार, मुस्ताक अली से 36 हजार और आरके गुप्ता से 1 लाख रुपए लिए हैं।
इसके अलावा निखिल चंद्राकर, अनुपमा सोनी, नेहा जैन, माधुरी कारेकर, अमृता भाटिया, डॉ. श्वेता उमरे, पवन डहरे, कंचन साहू, राजेश मरावी समेत कई लोगों ने भी कंपनी में पैसे जमा किए थे।
शिकायत के मुताबिक कंपनी की भिलाई, दुर्ग और बिलासपुर स्थित ब्रांच भी अब बंद हो चुकी हैं।
रायपुर-बिलासपुर में भी दर्ज है केस
बताया जा रहा है कि कंपनी के संचालक ने रायपुर में करीब 1.90 करोड़ रुपए, बिलासपुर में 26 लाख रुपए और भिलाई में 24 लोगों से लगभग 21 लाख रुपए की ठगी की है।
आरोप है कि आरोपी ने तीनों शहरों में टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी खोलकर लोगों को मेंबर बनाया। मेंबरशिप की अवधि 3 से 5 साल तक रखी जाती थी। इस दौरान लोगों को गोवा समेत कई जगहों पर टूर कराने का झांसा दिया जाता था।
भिलाई में लोगों से पैसे लेने के बाद कंपनी का ऑफिस बंद कर संचालक फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

