रायपुर, 23 फरवरी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर स्थित शांति शिखर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्रीगण, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और विधानसभा के सभी सदस्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने ब्रह्माकुमारी बहनों के स्नेह, आत्मीयता और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि विधानसभा सदस्यों के लिए हर वर्ष आयोजित ब्रह्मा भोजन एक सुंदर और प्रेरणादायी परंपरा है। उन्होंने संस्था द्वारा समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और महिलाओं एवं जनजातीय क्षेत्रों के सशक्तिकरण के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी बहनों के अतिथि बनकर पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने भी अपने विचार साझा किए। वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, और विधायक धरमलाल कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित थे। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी परिवार की बहनों ने मुख्यमंत्री और सदस्यों को माउंट आबू आने का आमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।

