M.Sc की पढ़ाई करना चाहती थी वर्षा, नवविवाहिता की मौत

M.Sc की पढ़ाई करना चाहती थी वर्षा, नवविवाहिता की मौत

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र के ग्राम लुरैना निवासी नवविवाहिता वर्षा यादव ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर चुकी वर्षा एमएससी करना चाहती थी। उसकी इच्छा विश्रामपुर में किराए का मकान लेकर पढ़ाई करने की थी लेकिन ससुराल वाले इसके लिए सहमत नहीं थे। इसे लेकर पति व ससुराल के अन्य लोगों से मनमुटाव के बीच वर्षा ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।

सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव (20) का विवाह एक मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। स्वजन के अनुसार 15 सितंबर को वर्षा ने पिता को फोन कर ससुराल में परेशान किए जाने की बात कही थी। 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे उसने पिता के मोबाइल पर संदेश भेजा था कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए।

इसके कुछ देर बाद ही दामाद अजय ने फोन कर सूचना दी कि वर्षा की तबीयत बिगड़ गई है और उसे मिशन अस्पताल अंबिकापुर ले जाया जा रहा है। अस्पताल में वर्षा को आइसीयू में भर्ती किया गया था। पिता उमेश यादव का आरोप है कि उपचार के दौरान होश आने पर उसने बस इतना कहा था कि ससुराल वाले ठीक नहीं हैं। उसने अपनी चाची को मारपीट की फोटो और रिकॉर्डिंग भी सुनाई थी।

मृतका के पिता का गंभीर आरोप: मारपीट कर गला दबाने की कोशिश

मृतका के पिता उमेश यादव ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष बेटी को प्रताड़ित करता था। उनका आरोप है कि 15 सितंबर को बेटी ने बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई और पति ने कथित तौर पर पेट पर चढ़कर गला दबाने की कोशिश की थी। पिता के मुताबिक वर्षा एमएससी की पढ़ाई करना चाहती थी और ससुराल पक्ष की सहमति से ही विवाह किया गया था। 12 अगस्त को पति उसे मायके से लुरैना मैनपाट ले गया था।

ससुराल ले जाने के बाद वर्षा की आगे की पढ़ाई जारी रखने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही थी जबकि वर्षा पढ़ाई में मेधावी थी। अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थी। ससुराल पक्ष का सहयोग नहीं मिलने, उलाहना और प्रताड़ना से वह तंग थी। उन्होंने वर्षा को जहरीला पदार्थ खिलाने का भी संदेह जताया है।

पति का पक्ष: किराए के मकान में रखने से था इनकार

मृतका के पति अजय यादव का कहना है कि वर्षा विश्रामपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ना चाह रही थी। उनकी इच्छा थी कि वर्षा अपने पिता के घर से आना-जाना कर पढ़ाई करे। वे किराए के मकान में रखकर पढ़ाई कराना नहीं चाहते थे लेकिन वर्षा इसके लिए तैयार नहीं हो रही थी। इसी बात को लेकर वर्षा से मनमुटाव था। उसे लगता था कि सास-ससुर भी साथ नहीं दे रहे हैं इसलिए वह सभी से नाराज रहती थी।

इधर स्थानीय पुलिस, मृतका के मायके व ससुराल पक्ष के लोगों का बयान दर्ज कर अग्रिम जांच, कार्रवाई के लिए केस डायरी कमलेश्वरपुर (मैनपाट) थाना प्रेषित करने की तैयारी में है।

कब क्या हुआ: घटनाक्रम की समय-सारणी

1 मई 2026: वर्षा और अजय का विवाह संपन्न हुआ।
12 अगस्त 2026: पति वर्षा को मायके से ससुराल वापस ले गया।
15 सितंबर 2026: वर्षा ने मायके पक्ष को ससुराल में परेशान किए जाने की शिकायत की।
17 सितंबर 2026 (दोपहर 12 बजे): वर्षा ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजा कि वह जीना नहीं चाहती।
17 सितंबर 2026: वर्षा द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने की परिजनों को जानकारी मिली।
22 सितंबर 2026: अस्पताल में इलाज के दौरान वर्षा की मौत हो गई।

छत्तीसगढ़