BRICS 2026 में चमका छत्तीसगढ़ का स्कूल

BRICS 2026 में चमका छत्तीसगढ़ का स्कूल

रायपुर। रायपुर के पीजी उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय, शांति नगर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। BRICS 2026 स्कूल जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट शोकेस के लिए विद्यालय का चयन हुआ।

यह छत्तीसगढ़ का एकमात्र स्कूल रहा, जिसने इस मंच पर अपना जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। इस उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

22 जुलाई को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), तिरुपति में आयोजित कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के सामने विद्यालय की परियोजना प्रदर्शित की गई। विद्यार्थियों ने ‘Building Sponge City Together’ विषय पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया, जिसे विशेषज्ञों और मौजूद लोगों ने सराहा।

कक्षा 7 और 8 में पढ़ती है स्टूडेंट्स

विद्यालय की शिक्षिका रीता मंडल के मार्गदर्शन में कक्षा 8 की छात्रा वार्तिका पाटिल और कक्षा 7 की छात्रा उमेश्वरी साहू ने यह प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च (BVIEER), पुणे के सहयोग से किया गया।

परियोजना में छात्राओं ने भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS), सैटेलाइट इमेजरी और मोबाइल मैपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया। यह प्रोजेक्ट संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य (SDG-6) यानी सभी के लिए स्वच्छ जल और स्वच्छता विषय पर आधारित था। इसी नवाचारपूर्ण कार्य के आधार पर विद्यालय को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी परियोजना प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

राजधानी रायपुर