रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने टीवी होस्ट और बिगबॉस रियलिटी शो कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा से शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की। एजेंसी ने उनके दिल्ली स्थित घर से मिले 30 लाख कैश, अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन, विदेश यात्राओं और महादेव सिंडिकेट से कथित संबंधों को लेकर कई घंटे तक सवाल किए।
जानकारी के मुताबिक यह पूछताछ 30 मई को दिल्ली स्थित शेफाली के घर पर हुई छापेमारी के बाद शुरू हुई जांच का हिस्सा है। उस दौरान एजेंसी ने 30 लाख रुपए कैश जब्त किए थे। ED का आरोप है कि यह रकम अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन से कमाई गई थी।
ईडी की पूछताछ में उसने बताया कि, पापा सट्टा ऐप प्रमोशन की डील्स संभालते थे। 58 लाख फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम से टेलीग्राम पर भेजकर सट्टेबाजी करवाती थीं। ‘एजेंसियां कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी’ का झांसा देकर यूजर फंसाते थे। दुबई-लंदन कनेक्शन भी रडार पर है। ED ने शेफाली, उनके पिता विपिन बग्गा और भाई शिवांश बग्गा को भी समन भेजा था।
सोशल मीडिया पर किया अवैध बेटिंग ऐप्स का प्रमोशन
ED के अनुसार, तलाशी के बाद PMLA की धारा 17 के तहत दर्ज बयान में शेफाली बग्गा ने स्वीकार किया था कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध बेटिंग ऐप्स का प्रचार किया, जबकि उन्हें पता था कि ऐसा करना गैरकानूनी है। एजेंसी का दावा है कि उन्होंने यह भी माना कि उनके घर से बरामद 30 लाख रुपए इसी प्रमोशन से हुई कमाई थी।
पिता पर डाली जिम्मेदारी
जांच एजेंसी का कहना है कि, पूछताछ के दौरान शेफाली ने बताया कि प्रमोशन से जुड़े सभी काम उनके पिता विपिन बग्गा संभालते थे। एंडोर्समेंट डील की बातचीत, कैश भुगतान लेना और उस रकम का इस्तेमाल करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की थी। ED का आरोप है कि जब्त किया गया कैश प्रमोशनल गतिविधियों से मिली रकम का हिस्सा था।
पिता और भाई अब तक नहीं हुए पेश
ED ने शेफाली, उनके पिता विपिन बग्गा और भाई शिवांश बग्गा को भी समन भेजा था। अधिकारियों के मुताबिक, शेफाली पहले तीन समन पर पेश नहीं हुई थीं। हालांकि गुरुवार और शुक्रवार को वह जांच में शामिल हुईं। वहीं, उनके पिता और भाई अभी तक एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए हैं।
महादेव सिंडिकेट के लोगों से संबंधों पर सवाल
ED का दावा है कि शेफाली बग्गा के संबंध महादेव सिंडिकेट के प्रमुख सदस्य और कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से हैं। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि उनका संबंध स्काई एक्सचेंज बेटिंग प्लेटफॉर्म के लोगों के साथ भी हैं।
58 लाख फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच
ED के अनुसार, शेफाली बग्गा अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रचार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल थीं। उनके 58 लाख फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित तौर पर लोगों को एक टेलीग्राम चैनल पर भेजा जाता था, जहां 24 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर थे।
इस चैनल पर बेटिंग टिप्स, ‘कैश-आउट’, ‘प्रॉफिट बुक’ कॉल और बेटिंग ऐप्स से पैसे निकालने के कथित सबूत साझा किए जाते थे।
‘सरकारी एजेंसियां कुछ नहीं कर पाएंगी’ जैसे दावे
ED का आरोप है कि, प्रमोशनल पोस्ट में यूजर्स को भरोसा दिलाया जाता था कि बेटिंग से जीती गई रकम पर सरकारी एजेंसियां और आयकर विभाग कार्रवाई नहीं कर पाएंगे। एजेंसी का कहना है कि ऐसे दावों के जरिए लोगों को बेटिंग ऐप्स की ओर आकर्षित किया जाता था।
कैश पेमेंट और विदेश यात्राओं पर भी पूछताछ
शेफाली बग्गा से दो दिन की पूछताछ में ED ने यह भी जानने की कोशिश की है कि, बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन के बदले कैश भुगतान कैसे होता था। एजेंसी ने शेफाली से यह भी पूछा कि उनके पिता का महादेव सिंडिकेट से परिचय किसने कराया।
कैश भुगतान कैसे किया जाता था और क्या उनके बैंक खातों से परिवार के सदस्यों, खासकर भाई शिवांश बग्गा को भेजी गई रकम बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन से हुई कमाई से जुड़ी थी।
दुबई-लंदन यात्रा और हवाला नेटवर्क पर सवाल
अधिकारियों के मुताबिक, ED ने शेफाली से खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से उनकी पहली मुलाकात, दुबई और लंदन में हुई मुलाकातों, विदेश यात्राओं और लग्जरी होटलों के खर्च के बारे में भी पूछताछ की। एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि क्या उन्हें सिंडिकेट के कथित हवाला नेटवर्क के जरिए पैसे मिले थे।
ED का दावा- सेलिब्रिटी प्रमोशन से बढ़ते थे यूजर्स
ED को शक है कि सेलिब्रिटी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए बेटिंग प्लेटफॉर्म पर नए यूजर्स जोड़े जाते थे। इसके बाद बेटिंग से होने वाली कमाई को हवाला चैनलों, शेल कंपनियों और कई स्तर के वित्तीय लेन-देन के जरिए छिपाया जाता था, ताकि मनी ट्रेल को छिपाया जा सके।
स्पोर्ट्स एंकरिंग में चर्चित नाम है शेफाली बग्गा
शेफाली बग्गा स्पोर्ट्स एंकरिंग की दुनिया में चर्चित नाम हैं। वे ‘बिग बॉस 13’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आई थीं, जहां से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। शेफाली के करियर की बात करें तो वे कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स होस्ट कर चुकी हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं।

